जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर 33 से वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी शीतल कुमार रजक का मंगलवार सुबह हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और चुनावी माहौल गमगीन हो उठा.

उलीडीह थाना क्षेत्र के रामकृष्ण कॉलोनी निवासी शीतल रजक सोमवार रात सामान्य रूप से सोए थे. मंगलवार सुबह देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है.
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेज दी गई है. वार्ड 33 का चुनाव स्थगित होगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय आयोग के निर्देश के बाद लिया जाएगा.
पोस्टमार्टम के बाद भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. स्थानीय लोगों ने उन्हें मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है.

