जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 13सी स्थित तैयबा मस्जिद के पास रविवार शाम फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना हुई. जानकारी के मुताबिक दो युवक बुलेट पर सवार होकर पहुंचे और अबू स्नान उर्फ़ बब्बो नामक युवक पर गोली चला दी. गोली लगने से बब्बो गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद घायल बब्बो को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं फायरिंग को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस टीम एमजीएम अस्पताल पहुंची और घायल बब्बो से पूछताछ की. बब्बो ने पुलिस को हमलावरों के बारे में जानकारी दी. पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि गोली चलाने वालों में वसीम और रौनक नामक युवक शामिल थे, जो डिमना बस्ती के हयात नगर के रहने वाले हैं.
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बरत रही है.

