जमशेदपुर: मानगो थाना अंतर्गत दाईगुट्टू कावेरी रोड स्थित उर्मिला देवी के मकान में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. गनीमत यह रही कि आग लगने के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और हालात की गंभीरता को देखते हुए घर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. इसी बीच दमकल विभाग को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने की घटना से पूरे इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया.
फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

