जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सिंहभूम जिला परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राज्य मंत्री महेन्द्र पाठक की अगुवाई में संपन्न हुई. बैठक में पार्टी के जिला सचिव अम्बुज ठाकुर सहित जिला इकाई के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में मुख्य रूप से केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानूनों में किए गए बदलाव पर चर्चा की गई.

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि पुराने श्रम कानूनों को हटाकर चार नए श्रम कोड लागू किए गए हैं, जो मजदूरों को गुलामी की ओर धकेलने वाले हैं. उनका आरोप है कि एक ओर देश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है, वहीं महंगाई भी लगातार आम जनता की कमर तोड़ रही है. बैठक में किसानों को उनका अधिकार नहीं मिलने, मजदूर हितों की अनदेखी और बढ़ती आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई.
सीपीआई नेताओं ने स्पष्ट किया कि इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जिला स्तर से लेकर राज्य और केंद्र स्तर तक बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा.

