जमशेदपुर/ Afroz Mallik कोवाली थाना क्षेत्र के चांपी गांव में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक ही परिवार की तीन महिला सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में 64 वर्षीय वृद्ध महिला निरस सरदार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की दो पोतियां गुलाबी सरदार और संध्या सरदार गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजनों ने आनन- फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा है. जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही कोवाली थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया जिन्होंने घर और आसपास के इलाके की गहन जांच की. पुलिस को शक है कि हत्या का कारण जमीन-जायदाद का विवाद हो सकता है. मृतका की बेटी ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से परिवार के अंदर संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

