जमशेदपुर: कोवाली थाना पुलिस ने अपहरण के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढेगाम हाट बाजार से अगवा किए गए 4 माह के बच्चे को पुलिस ने मात्र 14 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि अपहरण में शामिल एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

मामले के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को रंगामटिया गांव की रहने वाली प्रतिमा सरदार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ ढेगाम हाट बाजार में मुर्गी बेचने आई थी. बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण प्रतिमा सरदार ने अपनी 6 वर्षीय बेटी ममता सरदार को कुछ देर के लिए 4 माह के पुत्र इन्द्रदेव सरदार को गोद में रखने को दिया था. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर करीब तीन बजे अपराह्न एक अज्ञात महिला ने बच्चे का अपहरण कर लिया.
घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को संध्या करीब छह बजे मिली, जिसके बाद तुरंत कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित छापामारी अभियान चलाते हुए 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और अपहरणकर्ता महिला को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान झुमारानी मंडल (40 वर्ष), पति प्रभात मंडल, निवासी भेलाईडीह, थाना कोवाली, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के रूप में की गई है. बरामद 4 माह के बच्चे इन्द्रदेव सरदार को उसकी मां प्रतिमा सरदार को सकुशल सौंप दिया गया है.
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस मामले में अन्य शामिल अभियुक्त फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है. उन्होंने इस पूरे मामले का खुलासा सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया.
इस सफल अभियान में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी संदीप भगत, पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद, कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, जादुगोड़ा थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे.

