जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा इलाके से एक ठेकेदार के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया गया है. घटना गुरुवार देर शाम की है, जब मुर्शिदाबाद से आए मजदूरों ने आइसक्रीम खिलाने के बहाने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के अनुसार, रामदास भट्ठा निवासी ठेकेदार फिरदौस गद्दी के छह वर्षीय पुत्र आरिश गद्दी को मजदूर आसिफ और इमरान ने अपहरण कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस हरकत में आई और चांडिल, घाटशिला, बहरागोड़ा तथा आदित्यपुर मार्ग पर नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू कर दिया. देर रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका.
परिजनों ने बताया कि आरिश नारभेराम स्कूल में एलकेजी का छात्र है. घटना के बाद परिजन निजी गाड़ी से गालूडीह टोल प्लाजा तक पहुंचे, जहां टोल कर्मियों ने बताया कि एक लाल रंग की गाड़ी में एक छोटे बच्चे को देखा गया था. पुलिस जब मजदूरों के घर पहुंची तो वहां का सारा सामान गायब मिला और मजदूर फरार थे.
फिलहाल पुलिस ने पूरे शहर और सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. रात्रि तक लगातार जांच जारी रही. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.

