सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ईचा गांव के लिए यह गर्व का क्षण है, जहां पाले गए केन कोर्सो (Cane Corso) नस्ल के शुद्ध श्वान ने जमशेदपुर केनल क्लब द्वारा आयोजित डॉग शो में ‘बेस्ट इन ब्रीड’ का प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ ईचा गांव ने न सिर्फ जिले बल्कि राज्य स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है.

जमशेदपुर में आयोजित इस डॉग शो में देश के विभिन्न हिस्सों से लाए गए उच्च गुणवत्ता वाले और प्रशिक्षित श्वानो ने भाग लिया था. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच केन कोर्सो नस्ल के इस श्वान ने अपनी मजबूत शारीरिक बनावट, अनुशासन, संतुलित चाल- ढाल और नस्लीय विशेषताओं से निर्णायकों को प्रभावित किया.
कुत्ते के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से इसे ‘बेस्ट इन ब्रीड प्राइज’ से सम्मानित किया.

इस सफलता के बाद ईचा गांव में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों और पशुप्रेमियों ने श्वान के मालिक को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राजनगर प्रखंड के लिए गर्व की बात है.
ग्रामीणों का मानना है कि इस सम्मान से क्षेत्र में शुद्ध नस्ल के श्वानों के पालन, प्रशिक्षण और डॉग केयर को लेकर नई जागरूकता और प्रोत्साहन मिलेगा.

