जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत फार्म एरिया स्थित श्री श्री महाबीर मंदिर का सामान बंद पड़े क्वार्टर से चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने कांड दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर चोरी गया सारा सामान बरामद कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है.

इस संबंध में कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी अभियुक्त रोहित मुखी उर्फ कुणाल मुखी (उम्र 28 वर्ष), पिता राजेश मुखी, निवासी फार्म एरिया, क्वार्टर संख्या 21, स्टाफ क्वार्टर, हरिजन बस्ती, थाना कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था.
थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टाफ क्वार्टर से चोरी गया मंदिर का सारा सामान विधिवत बरामद कर लिया और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.

