आदित्यपुर: झारखण्ड के सीएम हेमंत सोरेन जनवरी के दूसरे हफ्ते नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे. शुक्रवार को नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. मुख्यमंत्री ने जनवरी माह के दूसरे हफ्ते में आने का भरोसा दिया.

मुलाकात के दौरान मदन मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री को अपने शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि झारखंड और बिहार में उनका संस्थान शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य कर रहा है और अपनी अलग पहचान बना चुका है.
उन्होंने कहा कि बिहार के पटना में नेताजी सुभाष इंजीनियरिंग कॉलेज, नेताजी सुभाष पॉलिटेक्निक कॉलेज, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल बिहटा संचालित हैं. वहीं झारखंड में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के 10 स्कूल और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर सफलतापूर्वक चल रहे हैं.
मदन मोहन सिंह ने बताया कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर में चिकित्सा सेवाएं और छात्रों का पठन- पाठन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है. यह अस्पताल झारखंड के लिए एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जहां बहुत ही कम लागत पर मरीजों का इलाज किया जाता है. आयुष्मान भारत योजना की सुविधा उपलब्ध होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे विषय को गंभीरता से सुना और जनवरी माह के दूसरे हफ्ते नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर के उद्घाटन समारोह में उपस्थित होने का आश्वासन दिया.

