जमशेदपुर: शहर की ऐतिहासिक एवं पुरानी दुर्गापूजा समितियों में शामिल जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के ट्रस्टी विश्वनाथ भभई का शनिवार सुबह निधन हो गया. वे 76 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे.


तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. विश्वनाथ भभई का जुगसलाई दुर्गाबाड़ी और दुर्गापूजा के आयोजन में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा. इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे.
उनके निधन की खबर मिलते ही जुगसलाई सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. शनिवार को जुगसलाई पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के ट्रस्टियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और उन्हें अंतिम विदाई दी.

