जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार राम टेकरी रोड मोहल्ला में मंगलवार को छेड़छाड़ की घटना के बाद दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. जानकारी के अनुसार, एक युवक द्वारा युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध के दौरान युवक की पिटाई कर दी गई. इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने कुछ घरों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है. घायल युवक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है. एक पक्ष ने थाने पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

