जमशेदपुर: आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने जमशेदपुर समेत झारखंड और बिहार के कई जिलों में एक साथ बड़ी छापेमारी की है. यह कार्रवाई बाबा राइस मिल समूह से जुड़े कारोबारियों और उनके ठिकानों पर की जा रही है. गुरुवार अहले सुबह शुरू हुई यह छापेमारी करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर जारी है. जमशेदपुर के जुगसलाई नया बाजार निवासी कारोबारी संजय अग्रवाल के आवास और सीएच एरिया स्थित उनके दूसरे ठिकाने पर आयकर टीम ने जांच शुरू की.

बताया जाता है कि संजय अग्रवाल भालोटिया परिवार से संबद्ध हैं और चावल कारोबार से जुड़े हैं. उनके आवास, कार्यालय और संबंधित अन्य परिसरों को खंगाला जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार बाबा राइस मिल समूह के कारोबारियों पर आय से अधिक संपत्ति रखने और आय छिपाने के आरोप हैं. छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की सूचना है. आयकर विभाग की टीमें वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े अभिलेखों की जांच कर रही हैं. जमशेदपुर के अलावा हजारीबाग और बिहार के कुछ जिलों में भी एक साथ कार्रवाई की जा रही है. बिहार के औरंगाबाद में महाराजगंज रोड स्थित धान कारोबारी विश्वजीत जायसवाल के आवास पर भी आयकर विभाग ने छापा मारा है. वहीं राइस मिल के संचालक नितेश कुमार भी आयकर विभाग के रडार पर बताए जा रहे हैं.
आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने का इंतजार है. फिलहाल कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

