जमशेदपुर: गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत कार्यरत जेमिनी इंटरप्राइजेज के श्रमिकों की हड़ताल से प्रभावित इलाके को फिलहाल राहत मिली है. शनिवार से जारी हड़ताल के कारण गोविंदपुर क्षेत्र की 21 पंचायतों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी, जिससे लगभग 40 हजार घरों की डेढ़ लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई.

पेयजल विभाग पर एजेंसी का 3 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान बकाया होने के कारण श्रमिकों को पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिल पाया था, जिसके विरोध में उन्होंने काम बंद कर दिया था. हालात बिगड़ते देख सोमवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा- आजसू नेताओं और पेयजल विभाग के जेई आकाश भगत की मौजूदगी में बातचीत हुई. इसके बाद श्रमिकों ने 30 दिसंबर तक हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की और मंगलवार सुबह से जलापूर्ति बहाल करने पर सहमति जताई.
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने श्रमिकों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि व्यापक जनहित को देखते हुए सरकार और विभाग को अंतिम रूप से एक माह का समय दिया जाए. उन्होंने 23 महीनों के बकाया भुगतान को शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया.
भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने हड़ताल स्थल से ही जिला उपायुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द समाधान और जलापूर्ति बहाल करने की मांग रखी, जिससे श्रमिकों में भरोसा बढ़ा.
इससे पहले भाजपा और आजसू नेताओं ने हड़ताल कर रहे श्रमिकों और पेयजल विभाग के अधिकारियों को गुलाब फूल भेंट कर गांधीवादी तरीके से सत्याग्रह किया. इस दौरान आजसू नेता संजय सिंह, मृत्युंजय सिंह, सरोज कुमार, सुधीर सिंह, मुकद्दर शर्मा और धुरंधर कुमार सिंह भी मौजूद रहे. कई पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया, जहां श्रमिकों ने लिखित आश्वासन की मांग रखी.
श्रमिकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 30 दिसंबर तक बकाया भुगतान और वेतन निर्गत नहीं हुआ तो नए वर्ष से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह विभाग और सरकार की होगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
