जमशेदपुर: पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई दो गोलीबारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है.


सीनियर एसपी पीयूष पांडे ने बताया कि 26 और 27 मई की रात हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद गोलमुरी थाना में दो अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे. मामले की जांच के लिए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी, रविन्द्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू और अमन सिंह को आरोपी के रूप में चिन्हित किया. पूछताछ में आरोपियों ने गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गोलीकांड में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. संलिप्तता मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.



