जमशेदपुर: उलीडीह ओपी अंतर्गत डिमना रोड से ठगी से जुड़ा एक संदिग्ध मामला सामने आया है. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने भिक्षा मांग रहे दो बाबाओं को संदेह के आधार पर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों संदिग्धों ने कुछ दिन पूर्व सुभाष कॉलोनी की एक महिला से ठगी की थी. बताया जा रहा है कि उसी तरह की गतिविधियों के साथ दोनों दोबारा इलाके में घूमते देखे गए. लोगों को उनकी हरकतें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई.
पुराने ठगी मामले से हुलिया मेल खाने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल उलीडीह ओपी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई. फिलहाल पुलिस महिला से हुई ठगी की घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है. मामले की जांच जारी है. स्थानीय निवासी शुभम राज ने बताया कि इलाके में पहले भी ठगी की घटना हुई थी और लोगों को शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

