जमशेदपुर/ Afroz Mallik कदमा थाना क्षेत्र के रंकीणी मंदिर के पास ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. जुलूस में शामिल एक कार ने भिखारी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में शामिल एक स्विफ्ट कार में बैठे युवकों ने भिखारी को टक्कर मार दी और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास करने लगी. समाचार लिखे जाने तक लोग सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे और दोषियों की गिरफ्तारी पर अड़े हुए थे.

