जमशेदपुर/ Prerna Ojha ईद उल मिलाद के मौके पर शहर में निकलने वाले जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई. बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ नगर निकाय प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि पेयजल, बिजली, साफ- सफाई जैसी नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखते हुए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकलेगा, किसी भी प्रकार का डायवर्जन स्वीकार्य नहीं होगा. असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए.
रूरल एसपी ऋषभ गर्ग और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि जुलूस के मार्ग की सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की जाएगी. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा. थाना प्रभारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार डीजे संचालन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, एसडीओ धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीएसपी, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे.

