जमशेदपुर: झारखंड ड्राइवर चालक महासंघ पोटका की ओर से रविवार को जादूगोड़ा स्थित सोहदा फुटबॉल मैदान में बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद महासंघ के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की.

महासंघ ने सरकार से स्पष्ट रूप से कहा कि 60 वर्ष की आयु पार कर चुके चालकों के लिए पेंशन योजना लागू की जाए, ताकि उन्हें जीवन यापन में सुविधा मिल सके. साथ ही निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय चालकों की बहाली सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई. इस अवसर पर महासंघ के कोषाध्यक्ष जगमोहन पिगुआ ने कहा कि झारखंड सरकार ने निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं और चालकों को नियोजन का जो वादा किया था, उसे अब तक पूरा नहीं किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की घोषणा कागजों तक ही सीमित रह गई है और चालकों को उसका लाभ नहीं मिल रहा है. बैठक और प्रदर्शन में उपस्थित चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

