जमशेदपुर/ Prerna Ojha उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण किया और अधीक्षक व उपाधीक्षक के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की आधारभूत संरचना, चिकित्सीय सुविधाएं, आपातकालीन सेवाएं और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की.

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर पंजीकरण और प्राथमिक जांच की सुविधा उपलब्ध हो. उन्होंने ओपीडी और आईपीडी सेवाओं को और सुदृढ़ करने, दवा का पर्याप्त स्टॉक रखने, पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर बल दिया. साथ ही आपातकालीन वार्ड में क्रिटिकल केयर की व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली. मरीजों ने अपनी समस्याएं और सुझाव उपायुक्त के समक्ष रखे. इस पर उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई और बेडशीट बदलने की व्यवस्था हो.
उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए. उपायुक्त ने दोहराया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन को एमजीएम अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.

