जमशेदपुर/ Afroz Mallik समाहरणालय कार्यालय कक्ष में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जन शिकायत निवारण दिवस के मौके पर शुक्रवार को आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना. जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने व्यक्तिगत, सामाजिक और सामूहिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे.

इनमें राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सीएनटी/ एसपीटी एक्ट उल्लंघन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, रास्तों पर अवैध कब्जा, दुकान आवंटन, पेंशन, लंबित भुगतान, लीज रेंट निर्धारण, नीलामी प्रक्रिया, निबंधन धोखाधड़ी, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, अवैध पार्किंग, स्वास्थ्य सहायता, रोजगार और शैक्षणिक सहायता जैसी समस्याएं शामिल थीं.
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की अधिकतम 10 दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर जांच कर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, शिकायतों की ऑनलाइन एंट्री और ट्रैकिंग भी अनिवार्य रूप से अपडेट की जाए, ताकि कार्यवाही में पारदर्शिता बनी रहे.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता बरती जाए. उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस जिला प्रशासन और नागरिकों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता है, जिसका उद्देश्य त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने यह भी दोहराया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता- पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा व्यवस्था है.

