जमशेदपुर: शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के बीच मानगो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने वाहन चोरी करने और चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.


गिरफ्तार आरोपियों में मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर शामिल हैं. जबकि नयाब मुस्तफा और सरफराज अली फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं. पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बाइक संख्या JH05AJ-4340 के कागजात मांगे. आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है. इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचने का काम करता था. पुलिस के अनुसार आरोपी फॉरेस्ट मैदान क्षेत्र में बाइक की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ही पहुंचे थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक कहां से चोरी की गई थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन- कौन हैं.
मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ और जांच के दौरान वाहन चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है. मामले की जांच जारी है.



