जमशेदपुर/ Paramveer Patro पश्चिम घोड़ाबंधा ग्राम पंचायत के शिव पथ स्थित बड़े नाले पर बनी पुलिया हाल की बारिश में ध्वस्त हो गई है. इससे सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है और सोमवार सुबह स्कूली वैनें भी फंस गईं जिससे अभिभावकों में नाराजगी व्याप्त हो गई. भाजपा नेता एवं पूर्व जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने इस गंभीर समस्या पर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम से शीघ्र संज्ञान लेने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि एक माह से अवगत हैं फिर भी टालमटोल कर रहे हैं. क्या किसी बड़ी वारदात का इंतजार है. दुर्गोत्सव के समय श्रद्धालुओं को भारी असुविधा होगी. प्रशासन तत्काल कदम उठाए और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय कंपनियों को CSR मद से सहयोग के लिए निर्देशित करे. अंकित आनंद की मांग है कि नाले और पुलिया की मरम्मत शीघ्र की जाए ताकि आम जनता और विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुविधा सुरक्षित बनी रहे.


