जमशेदपुर: आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में झारखंड भाजपा के निर्देशानुसार जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले की संयुक्त संगठनात्मक बैठक भालूबासा स्थित शीतला भवन सभागार में आयोजित की गई. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.



बैठक के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रहे. उनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे. कार्यक्रम में दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया. साथ ही प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय, सशक्त और जनसंपर्क में अग्रणी बनाने पर विशेष बल दिया गया.

बैठक में आगामी 2 अगस्त से सभी बूथ समितियों की बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया. नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाएं.
पार्टी नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने और झारखंड में एनडीए की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्य करने का आह्वान किया. बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ.





