जमशेदपुर. बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक तालाब में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया. जहां एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर तालाब में डूब गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों डॉक्टरों की तलाश शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था.



मिली जानकारी के अनुसार एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर समीर, यश और सक्षम. शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए डिमना लेक पहुंचे थे. इसी दौरान तीनों प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए. बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल तालाब में गिर गया. मोबाइल निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी में उतर गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यश किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. जबकि समीर और सक्षम गहरे पानी में डूब गए. समीर जमशेदपुर के काशीडीह के निवासी हैं. जबकि सक्षम पलामू जिले के डाल्टेनगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वहीं यश जमशेदपुर के सोनारी के निवासी हैं. तीनों एमजीएम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हैं और कॉलेज परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया. बाद में एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को भी सूचना दी गई. डिमना लेक में दोनों डॉक्टरों की तलाश लगातार जारी है. पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू अभियान पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है और दोनों का पता लगाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.
घटना की खबर मिलते ही एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों. मेडिकल छात्रों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग डिमना लेक पहुंच गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेस्क्यू अभियान के दौरान भीड़ न लगाएं. अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





