जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम के बाहर एक युवक ठगी का शिकार हो गया. अजनबी के झांसे में आकर युवक ने चार हजार रुपये गंवा दिए.

पीड़ित युवक आयुष्मान कुमार ने देर शाम गोलमुरी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. युवक ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब चार बजे वह टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था. इसी दौरान एक अजनबी व्यक्ति उसके पास पहुंचा और कहा कि उसे तत्काल चार हजार रुपये की जरूरत है. उसने भरोसा दिलाया कि वह तुरंत UPI के माध्यम से पैसे भेज देगा.
युवक उसकी बातों में आ गया और उसे चार हजार रुपये दे दिए. पैसे मिलते ही वह व्यक्ति तेजी से वहां से भागने लगा. पीड़ित युवक ने उसका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी ने अपनी बाइक की रफ्तार तेज कर दी और मौके से फरार हो गया.
युवक के अनुसार आरोपी की बाइक में नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

