जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र वरिष्ठ चित्रकार विशेंद्र नारायण सिंह ने अनोखी पहल करते हुए स्वर्णरेखा नदी के किनारे पत्थरों पर मतदान जागरूकता पेंटिंग बनाई है. यह पेंटिंग किसी कागज या कैनवास पर नहीं, बल्कि मानगो से साकची को जोड़ने वाले जेपी सेतु के पास घाटों के पत्थरों पर उकेरी गई है. पुल से गुजरने वाले राहगीरों की नजर इन रंगों पर पड़ रही है और वे मतदान के प्रति जागरूक हो रहे हैं.

चित्र में दो पर्चियों के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को सरल भाषा में दर्शाया गया है. गुलाबी पर्ची मेयर प्रत्याशी के लिए और सफेद पर्ची वार्ड पार्षद प्रत्याशी के लिए दर्शाई गई है. कलाकार ने संदेश दिया है कि मतदाता समझदारी और जिम्मेदारी के साथ दोनों मतपत्रों का सही उपयोग करें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें.
विशेंद्र नारायण सिंह ने अपनी कला के माध्यम से लोकतंत्र के इस महापर्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया है. उन्होंने नारा दिया है “आओ आम को स्वच्छ बनाएं, एक वोट मेयर चुन लाएं.”
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक पहल मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक साबित होगी. कला के जरिए लोकतंत्र का संदेश देने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

