जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जमशेदपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान भगदड़ की घटना की खबर के मद्देनजर रविवार को एसडीओ अर्नब मिश्रा और सिटी एसपी ललित मीणा बाइक से शहर के विभिन्न इलाकों में निकले और पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.



दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी. बाइक से भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने उन इलाकों का भी जायजा लिया, जहां पूजा के दौरान अधिक भीड़ होने की संभावना है.
प्रशासन की ओर से पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और सड़कों पर यातायात सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए.
दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन लगातार पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है.

