जहानाबाद: जिले के 217-घोसी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को चुनावी हलचल तेज हो गई, जब एनडीए प्रत्याशी ऋतुराज ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. अनुमंडल कार्यालय परिसर समर्थकों से खचाखच भरा हुआ था. नारेबाजी और फूल-मालाओं के बीच ऋतुराज का भव्य स्वागत किया गया. माहौल पूरी तरह चुनावी जोश में डूबा नजर आया.

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ऋतुराज ने कहा, “मैं घोसी की जनता के आशीर्वाद से चुनाव मैदान में उतरा हूं. अगर जनता ने मुझ पर भरोसा जताया, तो युवाओं के रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए दिन- रात काम करूंगा.” उन्होंने कहा कि हाल में घोसी क्षेत्र में आई बाढ़ से कई सड़कों और घरों को नुकसान हुआ है, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं की गई. उन्होंने वादा किया कि जनता का समर्थन मिलने पर एनडीए सरकार के सहयोग से बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
ऋतुराज ने कहा कि उनका लक्ष्य घोसी विधानसभा को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करना है. “मैं चाहता हूं कि यहां का हर युवा रोजगार पाए, हर किसान को समय पर सहायता मिले और हर गांव में विकास की गूंज सुनाई दे. मैं घोसी की जनता से अपील करता हूं कि वे मुझे अपना आशीर्वाद दें. आपकी एक-एक वोट से घोसी का विकास सुनिश्चित होगा,” उन्होंने कहा.
नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जबकि समर्थकों में उत्साह और जोश स्पष्ट रूप से झलक रहा था. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऋतुराज के मैदान में उतरने से घोसी विधानसभा सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
