सरायकेला/ Parmeshwar Gorai अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को आदित्यपुर में क्रॉस इंडिया लिमिटेड एवं हमारी लाडो फाउंडेशन की ओर से पांच किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया. इस प्रेरणादायक आयोजन में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की छठी कक्षा की करीब चार सौ छात्राओं ने हिस्सा लिया. तय एक घंटे की अवधि को छात्राओं ने मात्र आधे घंटे में पूरा कर अपनी ऊर्जा और प्रतिबद्धता से सभी का दिल जीत लिया. इस दौड़ का उद्देश्य बालिकाओं में शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सशक्त बनने का संदेश फैलाना था. इसके लिए पिछले दो महीने से तैयारी चल रही थी.

दूसरे सत्र के कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा, क्रॉस इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राय, एशिया अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल और हमारी लाडो फाउंडेशन के संस्थापक विनायक त्रिपाठी शामिल हुए.

अपने संबोधन में विनायक त्रिपाठी ने कहा कि लाडो फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवेश की छात्राओं का समग्र विकास सुनिश्चित करना है ताकि वे भी आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पा सकें. उन्होंने जिला प्रशासन और क्रॉस इंडिया लिमिटेड को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा अन्य औद्योगिक संस्थानों से भी इस दिशा में आगे आने की अपील की.
कंपनी के प्रबंध निदेशक सुधीर राय ने कहा कि क्रॉस इंडिया लिमिटेड केवल ऑटो कंपोनेंट निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है. उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जनहित कार्यों में भागीदारी का भरोसा दिलाया.

मुख्य अतिथि उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि जिले में कस्तूरबा गांधी एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि बच्चियां समाज की रीढ़ हैं, उन्हें मिले हर अवसर का उपयोग कर स्वयं और समाज के भविष्य को मजबूत बनाना चाहिए.

उन्होंने लाडो फाउंडेशन और क्रॉस इंडिया लिमिटेड की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बालिकाओं के आत्मविश्वास और संकल्प को और मजबूत करती हैं. उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए और तालियों की गूंज के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ. धन्यवाद ज्ञापन कंपनी के HR हेड रमाकांत गिरी ने किया.

