आदित्यपुर: इंडियन वेलफेयर सोसाइटी के सौजन्य से इंडो डेनिश टूल रूम (IDTR) जमशेदपुर द्वारा आयोजित मिथिला पेंटिंग एवं सिलाई- कढ़ाई प्रशिक्षण के उपरांत 60 महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. MSME मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु समय- समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाते हैं, जिसके अंतर्गत इंडियन वेलफेयर सोसाइटी के प्रयास से IDTR द्वारा स्थानीय बेरोजगार महिलाओं को यह प्रशिक्षण दिया गया था. प्रशिक्षण प्राप्त कई महिलाएं आज अपना व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार का भरण- पोषण कर रही हैं.

प्रमाण पत्र वितरित करते हुए ESDP कोर्स IDTR के नोडल ऑफिसर मनीष कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के लिए “सफल व्यवसायी कैसे बने” विषय पर अलग से प्रशिक्षण कराया जाएगा. ESDP कोर्स की कोऑर्डिनेटर ज्योति रजक ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए IDTR सतत प्रयत्नशील है और आगे भी रहेगा.
इंडियन वेलफेयर सोसाइटी के मुकेश कुमार दास ने कहा कि संस्था के प्रयास से अब तक सैकड़ों महिलाओं को IDTR के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाया गया है. पूर्व की भांति इस वर्ष भी 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को पूजा के बाद मिथिला पेंटिंग और सिलाई- कढ़ाई का निःशुल्क प्रशिक्षण IDTR सैमसंग सेंटर, आदित्यपुर में प्रदान किया जाएगा. इच्छुक महिलाएं संस्था अथवा IDTR से संपर्क कर सकती हैं. इस अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों के साथ ट्रेनर सोनी दास, राधा कर्ण, कंचन दास एवं इम्तियाज आलम उपस्थित थे.

