जामताड़ा/ Manish Baranwal रेलवे ने ट्रैक अनुरक्षण कार्य और होली के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए हैं. आसनसोल- अंडाल सेक्शन में काली पहाड़ी और निमचा स्टेशनों के बीच 21 और 24 फरवरी को 13.10 बजे से 17.10 बजे तक 240 मिनट का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा.

इस कारण 21 और 24 फरवरी को 63517 बर्द्धमान- आसनसोल मेमू और 63524 आसनसोल- बर्द्धमान मेमू रद्द रहेंगी. वहीं 63509 बर्द्धमान- झाझा मेमू 22 और 25 फरवरी को आसनसोल से ही प्रारंभ होगी. 63510 झाझा- बर्द्धमान मेमू 21 और 24 फरवरी को आसनसोल में ही समाप्त कर दी जाएगी. यानी आसनसोल और बर्द्धमान के बीच इन तिथियों में परिचालन बाधित रहेगा.
उधर होली पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इंडियन रेलवेज ने हावाड़ा और पटना के बीच स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. 02024 पटना- हावड़ा स्पेशल 08 मार्च से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार सुबह 5.30 बजे पटना से खुलेगी और दोपहर 1.25 बजे हावड़ा पहुंचेगी. वहीं 02023 हावड़ा- पटना स्पेशल दोपहर 2.15 बजे हावड़ा से खुलकर रात 10.30 बजे पटना पहुंचेगी.
ये ट्रेनें दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेंगी. ट्रेनों में गैर- वातानुकूलित सीटें और वातानुकूलित चेयर कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
इसके अलावा 03230 पटना- पुरी साप्ताहिक स्पेशल 05 मार्च से 26 मार्च तक चार ट्रिप चलेगी, जबकि 03229 पुरी- पटना साप्ताहिक स्पेशल 06 मार्च से 27 मार्च तक चार ट्रिप संचालित की जाएगी. रेलवे ने यात्रियों से समय सारणी की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की है.

