चांडिल/ Bikash Thakur लगातार ग्रामीणों और आमजनों से मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को विधायक सविता महतो ने निर्माणाधीन चांडिल गोलचक्कर से कांड्रा सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार रजक भी उनके साथ मौजूद रहे.

विधायक ने सड़क निर्माण कार्य का स्थल पर जायजा लेते हुए संवेदक को सख्त निर्देश दिया कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान विधायक सविता महतो ने सड़क पर बिछाए जा रहे पिच की ऊंचाई की जांच की और निर्माण में उपयोग हो रहे मैटेरियल की गुणवत्ता को भी परखा. उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और इसकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए.
गौरतलब है कि लगभग 8 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से चांडिल- कांड्रा मार्ग के 6.3 किलोमीटर लंबे जर्जर सड़क की मरम्मती का कार्य किया जा रहा है, जिसे चार माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है. यह सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में थी, जिसका शिलान्यास विधायक सविता महतो द्वारा कर मरम्मती कार्य की शुरुआत कराई गई थी.
निरीक्षण के दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, समर भुईयां, मोतीलाल सोरेन, शिमल बेसरा, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

