चांडिल/ Vikash Thakur ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कारकिडीह नदी में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति की लाश तैरते हुए मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. नदी में शव देखे जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ईचागढ़ थाना को दी. सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और नदी से शव को बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की.

समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी.
पुलिस द्वारा आसपास के थाना क्षेत्रों को भी इस संबंध में सूचना भेजी जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच के दौरान शव से किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है.
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर बिंदु पर छानबीन की जा रही है.
घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मृतक से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर तुरंत थाना को सूचित करने की अपील की है.

