अभिनेत्री और नेता नुसरत जहां हाल ही में मां बनी हैं. उन्होंने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। अब नुसरत को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. इस दौरान उनके साथ उनके कथित ब्वॉयफ्रेंड और अभिनेता यश दासगुप्ता मौजूद रहे। दोनों को कार में एक साथ बैठते देखा गया. सोशल मीडिया पर नुसरत और यश का यह वीडियो वायरल हो गया है. वहां मौजूद मीडिया को देखकर नुसरत ने अपने दोनों हाथ जोड़े
यश दासगुप्ता बच्चे को गोद में लेकर कार में बैठते हुए नजर आए. पहले ऐसी खबरें थीं कि नुसरत बच्चे को लेकर रविवार को घर लौटेंगी लेकिन वह एक दिन बाद सोमवार की दोपहर को घर पहुंचीं. इस दौरान नुसरत के बेटे की पहली झलक दिखी.

नुसरत ने बुधवार को बेटे को जन्म दिया था. उस वक्त यश ने फैंस और शुभचिंतकों के साथ यह जानकारी साझा की थी और बताया था कि ‘जो लोग नुसरत के स्वास्थ्य के बारे में जानना चाह रहे थे उनके लिए, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं’ नुसरत ने अपने बेटे का नाम ईशान रखा है, जिसे अंग्रेजी में Yishaan लिखा जाएगा. बता दें कि साल 2019 में नुसरत जहां ने बिजनेसमैन निखिल जैन के साथ तुर्की में शादी की थी. दोनों अब अलग हो गए हैं. नुसरत का कहना है कि उनकी शादी हिंदू मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर नहीं हुई है. ऐसे में यह शादी मान्य नहीं है. उस वक्त निखिल ने कहा कि ये उनका बच्चा नहीं है. दोनों लंबे समय से साथ नहीं हैं. ऐसी चर्चा है कि नुसरत जहां और यश दासगुप्ता रिलेशनशिप में हैं. हालांकि दोनों में से किसी ने भी इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है.

