हजारीबाग: बीते रविवार को पुलिस द्वारा एनएच-33 स्थित होटलों में की गई छापेमारी मामले में जांच पूरी होने के बाद बुधवार को 17 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने देह व्यापार के इस गोरखधंधे में होटल संचालक, मैनेजर और स्टाफ की संलिप्तता पाई थी.

पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान लगभग 40 जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था और छह होटलों को सील कर दिया था. जांच में सामने आया कि होटल संचालक कमरे को दो-दो घंटे के लिए किराए पर देकर अनैतिक व्यापार को बढ़ावा दे रहे थे. पुलिस ने मौके से 16 रजिस्टर, 19 मोबाइल, एक लैपटॉप, पांच सीसीटीवी डीवीआर, नगद राशि और कई आपत्तिजनक सामान जब्त किया था.
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच पूरी होने के बाद बुधवार को इन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

