हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित हजारी धमना में वन विभाग की टीम ने मंगलवार को अवैध रूप से संचालित आरा मशीन पर बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मौके से आरा मशीन सेट के साथ भारी मात्रा में लकड़ी जब्त की है. बताया गया कि यह आरा मशीन बिना किसी वैध अनुमति के चल रही थी.

छापेमारी की यह संयुक्त कार्रवाई बड़कागांव, सदर और चौपारण वन क्षेत्र की टीमों द्वारा की गई. कार्रवाई के दौरान वन अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों से पूछताछ भी की. फिलहाल, जब्त की गई लकड़ी और आरा मशीन को वन विभाग कार्यालय लाया गया है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान अवैध लकड़ी कटाई और अवैध आरा मशीन संचालन के खिलाफ चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में वन संपदा की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध आरा मशीन संचालकों और लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग की इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे जंगलों की अवैध कटाई पर रोक लगेगी.

