हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र के पडरीमा गांव में गुरुवार को डोभा (तालाब) में डूबने से सपना देवी (19 वर्ष) की मौत हो गई. मृतका पंकज शर्मा की पत्नी थी. ग्रामीणों ने बताया कि सपना देवी शौच के लिए घर से निकली थी. घर से करीब 300 फीट की दूरी पर फॉरेस्ट विभाग द्वारा खनन कर बनाया गया डोभा है, जिसमें सपना देवी के गिर जाने से उसकी मौत हो गई.

कुछ महिलाएं बकरी चरा रही थीं, तभी उन्होंने सपना देवी को डूबा हुआ देखा. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण दौड़े और किसी तरह उसे डोभा से बाहर निकाला. तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. बताया गया कि सपना देवी की शादी एक साल पहले ही हुई थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से डोभा के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो.

