हजारीबाग: शनिवार को जननायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर पूर्व सांसद एवं देश के पूर्व वित्त मंत्री और विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा अपनी पत्नी नीलिमा सिन्हा और समर्थकों के साथ जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार पहुंचे. उन्होंने इस अवसर पर जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को श्रद्धांजलि दी.

इस दौरान यशवंत सिन्हा ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया. उनके नेतृत्व में चलाए गए आंदोलन ने देशवासियों को जनशक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का वास्तविक महत्व समझाया. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जेपी के आदर्शों को अपनाकर देश और समाज की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग उपस्थित थे. सभी ने मिलकर लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प को दोहराया. यह कार्यक्रम जेपी के आदर्शों और उनके संदेश को वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा.

