गुमला: जिले के कामडारा थाना पुलिस ने बकसपुर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप छापेमारी कर जुआ खेल रहे 23 जुआरियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार जुआरियों में गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी सहित झारखंड के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्य ओडिशा के लोग शामिल हैं.

थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि उक्त स्थान पर बाहर के जिलों और राज्यों से लोग पहुंचकर बड़े पैमाने पर जुआ खेलते हैं, जिससे अक्सर हंगामा और अशांति की स्थिति बनी रहती थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सभी जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया.

छापेमारी के दौरान मौके से पौने दो लाख रुपये नकद, छह चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

