गुमला: जिला में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को जनआक्रोश प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए और राज्य की बदहाल व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला.

जनसभा को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में पानी की किल्लत, लगातार बिजली कटौती और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता परेशान है. भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं, लेकिन राज्य सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए भेजे गए हजारों करोड़ रुपए का सही उपयोग नहीं किया गया और उसमें बंदरबांट की गई है. उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की कार्यशैली से परेशान हो चुकी है और इसका जवाब आने वाले समय में देगी.
कार्यक्रम में लोहरदगा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर उरांव, पूर्व विधायक हरि कृष्ण सिंह, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.



