गोड्डा: सोमवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी सूर्या नारायण हांसदा उर्फ सूर्या हांसदा के बीच फिल्मी अंदाज़ में मुठभेड़ मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आयी है. गोड्डा एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि सूर्या पर कई संगीन मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार था. सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ में उसने अपने दस्ते के ठिकाने की जानकारी दी.

पुलिस जब कमल डोरी पहाड़ के पास पहुंची तो उसके गुर्गों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी. इसी बीच, गिरफ्तार सूर्या ने एक जवान की इंसास राइफल छीन ली और पुलिस पर गोलियां चला दीं. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सूर्या मारा गया. तलाशी में अवैध हथियार और गोलियां बरामद हुईं. सूर्या के दस्ते के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. इधर, एनकाउंटर के बाद सूर्या की पत्नी ने शव लेने से इनकार कर दिया और पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया. पत्नी का कहना है कि सूर्या बीमार था और उसके पास कोई हथियार नहीं था. उन्होंने पुलिस पर पहले से एनकाउंटर की साजिश रचने का आरोप लगाया. जबकि एसपी ने बताया कि करीब तीस मिनट तक चली गोलीबारी के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सूर्या हांसदा ढेर हो गया.

