गिरिडीह: जिले के सरिया थाना क्षेत्र के पेठियाटांड निवासी कैलाश मंडल के घर बीती रात एक भीषण चोरी की वारदात हुई. चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब बीस लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. इसमें लगभग पंद्रह लाख रुपये नगद और पांच लाख के जेवरात शामिल बताए जा रहे हैं. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला. जब परिवार के लोग लौटे तो घर का दरवाजा टूटा पाया और सारा सामान बिखरा हुआ था. नगद राशि और जेवरात गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना सरिया थाना पुलिस को दी.

घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सरिया- हजारीबाग रोड को जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं. सड़क जाम के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग की.
सूचना मिलते ही सरिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा- बुझाकर सड़क जाम हटवाया. पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और चोरों का सुराग लगाने के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है. फिलहाल चोरी की यह वारदात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.

