गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में मवेशी चोरी करते पांच युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया. मामला अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का है. बताया जा रहा है कि ये सभी युवक कार से मवेशी चोरी करने पहुंचे थे, तभी सतर्क ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए युवकों में एक स्थानीय निवासी रिजवान अंसारी (45 वर्ष) है, जबकि चार अन्य आरोपी हरियाणा के नुहूं जिले के रहने वाले हैं. इनके पास से स्विफ्ट डिजायर कार, फर्जी नंबर प्लेट, मवेशी बांधने की रस्सी व टेप बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक यह गिरोह कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था और लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

