गिरिडीह: जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत धनेता गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और 80 वर्षीय वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी एवं लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है. हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. सूचना मिलने पर गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गावां अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया.


घायलों की पहचान 30 वर्षीय कारी देवी, पति बसंत भुल्ला और 80 वर्षीय मसोमत शांति देवी, पति स्वर्गीय मेघा भुल्ला के रूप में हुई है. मसोमत शांति देवी रिश्ते में कारी देवी की चाची सास बताई जा रही हैं.
जंगल में लाठी से हमला, घर पहुंचने पर कुल्हाड़ी से वार
अस्पताल में इलाज के दौरान कारी देवी ने बताया कि उनके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्होंने पिछले दो दिनों से भोजन भी नहीं किया था. कारी देवी के अनुसार, घटना के दिन वह अपने पति के साथ जंगल गई थीं. इसी दौरान पति ने अचानक लाठी से उन पर हमला कर दिया. किसी तरह जान बचाकर वह घर पहुंचीं, लेकिन वहां भी पति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोप है कि इसके बाद बसंत भुल्ला ने 80 वर्षीय मसोमत शांति देवी पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
वृद्धा के दोनों हाथ फ्रैक्चर, पत्नी के सिर और पैर में गंभीर चोट
गावां अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शहंशाह खान ने बताया कि मसोमत शांति देवी के दोनों हाथों में फ्रैक्चर है और कमर में भी गंभीर चोट लगी है. वहीं, कारी देवी के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल हमले के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

