घाटशिला: दो दिन पहले तमकपाल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मरांग बुरु (ईश्वर) से मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की है.

चंपाई सोरेन ने कहा कि घटना के बाद जब नाराज ग्रामीणों ने हाइवे जाम किया, तभी प्रशासन हरकत में आया और एसडीओ तथा एसडीपीओ ने मुआवजा देने का वादा किया. लेकिन दुख की बात है कि जाम हटने के बाद प्रशासन अपने वादे से मुकर गया और दर्जनभर लोगों के खिलाफ नामजद तथा 30- 35 अज्ञात ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज करवा दिया गया.
उन्होंने इसे “असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा” बताया और कहा कि प्रशासन न केवल पीड़ित परिवार की मदद करने में विफल रहा, बल्कि न्याय की मांग कर रहे ग्रामीणों को मुकदमे से डराने का प्रयास कर रहा है. चंपाई सोरेन ने सवाल उठाया कि अपने साथी के परिवार के समर्थन में आवाज उठाना क्या अपराध है ? अगर ऐसा है तो कोई भी कभी किसी के लिए नहीं खड़ा होगा.
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन से तुरंत एफआईआर वापस लेने और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए कदम उठाने की मांग की. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार के लोग पार्थिव शरीर लेकर एसडीओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं, और प्रशासनिक चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. चंपाई सोरेन ने कहा कि वे कल घाटशिला जाकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
