रांची/ घाटशिला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बुधवार को घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने पूर्व मंत्री और दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाया है. रांची में हुई झामुमो की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. पार्टी ने बताया कि सोमेश सोरेन आगामी 17 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे.

यह सीट पूर्व मंत्री और विधायक रहे रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन के बाद खाली हुई थी.
वहीं, इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहले ही अपने प्रत्याशी की घोषणा कर चुकी है. भाजपा ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को टिकट दिया है.
दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद घाटशिला की सियासत गरमा गई है. अब मुकाबला सीधा सोरेन बनाम सोरेन का होता दिख रहा है. दोनों ही प्रत्याशी प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों से आते हैं, जिससे यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प होने जा रहा है.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह उपचुनाव झारखंड की सत्ताधारी राजनीति के लिए लिटमस टेस्ट साबित हो सकता है. झामुमो जहां दिवंगत रामदास सोरेन की विरासत को भावनात्मक मुद्दा बना सकती है, वहीं भाजपा संगठन और विकास के मुद्दे पर मैदान में उतरने की तैयारी में है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
