गयाजी/ Arzoo Bakhsh बिहार के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित गया आगमन पर अनोखा कलात्मक स्वागत किया है. बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय के प्रांगण में 22 अगस्त को पीएम मोदी के दौरे को लेकर उत्साहित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने तीन सेंटीमीटर लंबी हरी पीपल की पत्तियों पर भगवान बुद्ध को प्रणाम करते हुए पीएम मोदी की तस्वीर बनाई और साथ ही लिखा “वेलकम मोदी जी इन गयाजी”. यह कलाकृति उन्होंने पांच घंटे के कठिन परिश्रम के बाद तैयार की है.

इस कलाकृति में मधुरेंद्र ने गया के विष्णुपद मंदिर, बोधगया के बौद्ध मंदिर, गंगा ब्रिज, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और कोडरमा-गया-वैशाली तक की मेमू पैसेंजर ट्रेन सहित कई विकासात्मक योजनाओं को भी चित्रित किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, तो विकास की गंगा प्रखर वेग से बहती है. यह केवल योजनाओं का उद्घाटन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के हृदयस्थल बिहार के पुनर्जागरण का पर्व है.
सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने पहले भी कई मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित कलाकृतियां बनाई हैं. स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान से लेकर भागलपुर में 2000 किलोग्राम रेत से बनी भव्य मूर्तियां, पहलगाम हमले के बाद “थैंक्यू मोदी जी” संदेश और हाल ही में मोतिहारी में मिट्टी से बनाई तस्वीर इसका उदाहरण हैं.
गौरतलब है कि मधुरेंद्र को वर्ष 2012 में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से सम्मान प्राप्त हुआ था. वे लोकसभा चुनाव 2019, विधानसभा चुनाव 2020 और स्वच्छ सर्वेक्षण 2021-22 के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं. वर्ष 2023 में उनका नाम “बिहार के महान हस्तियां” किताब में दर्ज हुआ और जून 2025 में ब्रिटिश पार्लियामेंट में “लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड” में शामिल किया गया. हाल ही में उन्हें भारतीय संसद में “भारत गौरव अवार्ड 2025” से भी सम्मानित किया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
