गयाजी: डॉक्टर से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित डॉक्टर का पति सत्येंद्र कुमार ही मास्टरमाइंड निकला है. पुलिस के अनुसार डॉक्टर सत्येंद्र कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी के मोबाइल फोन पर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मंगवाई थी.

जांच में सामने आया है कि रंगदारी की रकम नहीं देने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दिलवाई गई थी. पुलिस ने इस मामले में डॉक्टर सत्येंद्र कुमार सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने जानकारी दी है.
सिटी एसपी ने बताया कि डॉक्टर सत्येंद्र कुमार के कहने पर गेवल बीघा निवासी नौशाद आलम और इरशाद आलम ने उनकी पत्नी विभा देवी के मोबाइल पर कॉल कर एक करोड़ रुपए की मांग की थी. बीते 27 और 31 दिसंबर को लगातार धमकी भरे फोन आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
तकनीकी जांच और पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि पूरी साजिश डॉक्टर सत्येंद्र कुमार ने ही रची थी. पुलिस ने दोनों सहयोगी आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया, जबकि डॉक्टर सत्येंद्र कुमार को भी हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है.
बताया गया है कि डॉक्टर सत्येंद्र कुमार मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं. दोनों के बीच पिछले कई महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.

