गयाजी: बिहार के गया जिले के डूमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया. बिशनपुर- रामदोहर मुख्य मार्ग पर रामदोहर ईंट भट्ठे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने निजी स्कूल बस ड्राइवर टनटन कुमार (30 वर्ष) को गोली मार दी और फरार हो गए.

टनटन कुमार पिपरा टोला, बिकुआ कला के रहने वाले हैं और दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीगंज की बस चलाते हैं. घटना के समय वे सुबह बिशनपुर गांव से स्कूल बस लेकर रानीगंज जा रहे थे. इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा करते हुए आए. रामदोहर ईंट भट्ठे के पास पहुंचते ही बाइक सवारों ने बस को ओवरटेक किया और ड्राइवर को बस से नीचे उतारकर सीने में गोली मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने बस की चाभी छीन ली और विवाद के बीच गोली चलाकर टनटन कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया. हालांकि दूसरी गोली चलाने से पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुँच गए, जिस पर अपराधी कट्टा फेंक कर फरार हो गए.
घायल टनटन कुमार को स्थानीय ग्रामीणों ने इमामगंज अस्पताल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गया रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है और ऑपरेशन जारी है.
पुलिस ने घटनास्थल से एक कट्टा और गोली का खोखा बरामद किया है. घटना की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है. पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगालकर मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि टनटन कुमार शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं. घटना के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्कूल बस में सवार बच्चे इस घटना से डरे सहमे थे और उन्हें घर वापस भेज दिया गया.



भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
